भारत और अमेरिका मंत्रियों के बीच टू प्लस टू वार्ता आज, BECA पैक्ट पर लगेगी मुहर

समाचार दुनिया राष्ट्रीय
Spread the love

भारत और अमेरिका के बीच आज 2+2 मंत्री-स्तरीय बैठक होने वाली है. इस दौरान दोनों देशों के बीच Basic Exchange and Cooperation Agreement (BECA) डील पर हस्ताक्षर किया जाएगा. भारत और अमेरिका के बीच डील होने के बाद दोनों देशों के बीच सूचनाएं और खुफिया जानकारियां साझा की जा सकेंगी, जिसका इस्तेमाल रक्षा संबंधी जरूरतों के लिए किया जा सकेगा.

इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने सोमवार को एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वार्ता पर संतुष्टि जताई. माइक पोंपियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्तों गहरे हो रहे हैं.

मंगलवार को भारत और अमेरिका के यह चारों मंत्री टू प्लस टू के तहत एक साथ बैठकर रक्षा व सामरिक साझेदारी के क्षेत्र में अहम समझौतों पर मुहर लगाएंगे. इस बैठक के बाद हैदराबाद हाउस  से साझा बयान जारी किया जाएगा.

भारत अमेरिका के साथ इस डील पर उस वक्त हस्ताक्षर कर रहा है जब चीन के साथ हमारे संबंध तनाव के उच्च स्तर पर हैं. एक बार इस डील पर हस्ताक्षर हो जाने के बाद भारत को सीमा पर चीन की सारी सैन्य गतिविधियों की जानकारी मिल सकेगी. इससे जुड़े आंकड़े और तस्वीरें भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों की जद में रहेंगे. इस डाटा के जरिए भारत अपने आस-पास दुश्मन के किसी भी संभावित सैन्य तैयारियों का पता लगा सकता है और जरूरत पड़ने पर उसे नष्ट भी कर सकता है.

मंगलवार को होने वाली इस बैठक का मकसद, दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा और वैश्विक रणनीतिक संबंधों को और बढ़ावा देना है. इस दौरान दोनों पक्षों के हिंद-प्रशांत क्षेत्र में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों और सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा होगी. चीन के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश के दौरान इसके मायने काफी बढ़ गए हैं.

टू प्लस टू डायलॉग की पहली बातचीत सितंबर 2018 में दिल्ली में हुई थी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम नरेंद्र मोदी ने भविष्य की ठोस साझेदारी के लिए इस स्तर की बातचीत का आधार तैयार किया था. इसकी दूसरी बातचीत पिछले साल दिसंबर में वाशिंगटन में हुई थी. इन दोनों बैठकों में दोनों देशों ने कम्यूनिकेशन, कंपैटिबिलिटी एंड सिक्योरिटी अरेंजमेंट (कौमकासा) समेत रक्षा व सामरिक क्षेत्र में कई अहम विषयों पर समझौते कर आगे की ठोस साझेदारी की रास्ता तैयार किया था.

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने बताया, दोनों मंत्रियों ने इस बात पर संतोष जताया कि इस यात्रा के दौरान ‘बीका’ पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. अमेरिकी रक्षा मंत्री ने मालाबार सैन्य अभ्यास में आस्ट्रेलिया के शामिल होने का स्वागत किया. इसके अलावा दोनों मंत्रियों के बीच दोनों देशों की सेनाओं के बीच और संयुक्त स्तर पर सहयोग के नए क्षेत्रों पर विचार विमर्श हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *