अमेरिका में होने वाली प्रेसिडेंशियल डिबेट को लेकर पिछले कुछ समय से संशय बना हुआ था. एक तरफ जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप डिबेट के लिए तैयार थे और अपने आप को पूर्ण रूप से स्वस्थ बता रहे थे. वही दूसरी तरफ बिडेन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से इस डिबेट में हिस्सा नहीं लेना चाहते थे. आपको बता दें कि डिबेट को डिजिटल माध्यम से कराने का प्रस्ताव भी रखा गया था.
अमेरिका में 15 अक्टूबर को होने वाली दूसरी प्रेसिडेंशियल डिबेट रद्द कर दी गई है. कमीशन ऑन प्रेसिडेंशियल डिबेट्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बिडेन के बीच होने वाली डिबेट को रद्द करने का फैसला किया है. अब तीसरी और आखिरी डिबेट का आयोजन 22 अक्टूबर को होगा.
बता दें कि ट्रंप ने वर्चुअल बहस कराये जाने पर उसमें भाग लेने से इनकार कर दिया था. उन्होंने इसे समय की बर्बादी करार दिया था. राष्ट्रपति के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद 15 अक्टूबर को डिजिटल माध्यम से बहस कराने का फैसला किया था.
The October 15 US presidential debate between President Donald Trump & Democratic nominee Joe Biden will not proceed, Commission on Presidential Debates said in a statement, adding that both campaigns had announced 'alternate plans for that date': Reuters (file photo) pic.twitter.com/HoCHsNkVtj
— ANI (@ANI) October 9, 2020
ट्रंप के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद दोनों तरफ के कैंपेन अपनी-अपनी तरफ से बहस के लिए तारीख बता रहे थे. लेकिन राष्ट्रपति पद के लिए बहस कराने वाले आयोग ने ईमेल से साफ कर दिया कि 15 अक्टूबर को कोई बहस नहीं होगी.
कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज कराने के बाद व्हाइट हाउस आ चुके अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर रैलियां करने की इच्छा जताई है. उधर, ट्रंप के डॉक्टर का कहना है कि उनका कोरोना का इलाज पूरा हो गया है और वह शनिवार से एक बार फिर चुनाव प्रचार शुरू कर सकते हैं. बता दें कि गत गुरुवार को ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी. हालांकि तबीयत खराब होने के बाद ट्रंप को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया. सोमवार को ट्रंप को अस्पताल से छुट्टी मिली थी.
बीते दिनों अमेरिकी चुनाव के लिए वाइस प्रेसिडेंट के उम्मीदवारों के बीच डिबेट हुई, जिसमें कमला हैरिस और माइक पेंस आमने-सामने थे. इस डिबेट को लेकर काफी विवाद है, एक ओर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कमला हैरिस डिबेट में नर्वस थीं और पूरी तरह से हार गईं. जबकि दूसरी ओर कई क्रिटिक्स ने माइक पेंस को डरा हुआ करार दिया.